कोरबा। चैतमा स्थित श्री सांई फ्यूल्स पेट्रोल पंप में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को थाना पाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को रतनपुर पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल एवं चाकू भी जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार कश्यप ने थाना पाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15-16 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात चैतमा स्थित पेट्रोल पंप पर चार युवकों ने मारपीट कर चाकू दिखाते हुए 8 हजार रुपये की लूट की थी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना पाली में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए चौकी चैतमा पुलिस ने आरोपी समीर नागेश (19 वर्ष), निवासी सूर्योदय नगर केराझारिया, थाना पाली को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वहीं, इस प्रकरण के तीन अन्य आरोपी वेदप्रकाश उर्फ नीलेश वैष्णव,अभिषेक प्रजापति उर्फ मांडा एवं कपिल पटेल (सभी निवासी पाली)को रतनपुर पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत 18 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण कर पृथक से अभिरक्षा में लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि लूट की इस घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार सख्ती बरती जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















