महिला सरपंच पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, हालत नाजुक

चुनावी रंजिश और अवैध शराब रोकने के विवाद में सरपंच पर हमला, आरोपी पर मामला दर्ज

कोरबा।जिले के ग्राम पंचायत सतरेंगा की महिला सरपंच बंधन बाई कंवर पर चुनावी रंजिश और अवैध शराब निर्माण रोकने के विवाद को लेकर प्राणघातक हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावर ने लोहे की भारी रॉड से कई वार कर सरपंच को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वर्तमान में उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बंधन बाई कंवर ने हाल ही में पंचायत चुनाव में जीत हासिल की थी। चुनाव के दौरान उनके खिलाफ खड़े उम्मीदवार को झूलसिंह पंडो का समर्थन प्राप्त था। चुनाव में हार के बाद से ही झूलसिंह पंडो सरपंच से रंजिश रखे हुए था। इसके अलावा 31 दिसंबर को सरपंच ने महिला समूह के साथ गांव में भ्रमण कर अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को समझाइश दी थी, जिसमें झूलसिंह पंडो को भी शराब निर्माण से रोकने की चेतावनी दी गई थी।

इसी रंजिश के चलते 1 जनवरी की शाम करीब 4:30 बजे, जब सरपंच घर पर अकेली थीं, झूलसिंह पंडो जबरन उनके घर में घुस आया। उसने सरपंच पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से उन पर कई वार किए।

सरपंच की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भागकर पूर्व सरपंच धनसिंह कंवर के घर में छिप गया।

घटना की सूचना मिलते ही सरपंच के भतीजे गणेश सिंह कंवर उन्हें तत्काल कृष्णा हॉस्पिटल कोरबा ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गणेश सिंह कंवर की रिपोर्ट पर पुलिस ने झूलसिंह पंडो के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 एवं 332(बी)(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

महिला सरपंच पर हुए इस हमले ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।