इंदिरा नगर में किसी का मकान नहीं टूटेगा, अफवाहों से दूर रहें : कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन

कोरबा। इंदिरा नगर क्षेत्र में रेलवे द्वारा दिए गए नोटिस को लेकर उत्पन्न असमंजस के बीच कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक श्री लखनलाल देवांगन ने स्पष्ट किया है कि इंदिरा नगर क्षेत्र में किसी भी नागरिक का मकान नहीं तोड़ा जाएगा। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने मंत्री श्री देवांगन से उनके निज निवास कार्यालय कोरबा कोहड़िया में भेंट कर अपनी चिंताएं साझा कीं।

कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों में न आएं। उन्होंने इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए रेलवे के डीआरएम तथा कोरबा कलेक्टर से फोन पर चर्चा की। बातचीत के दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि पहले यह बताया जाए कि संबंधित भूमि का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना है तथा इसके लिए कोई स्वीकृत योजना है या नहीं।

उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पूर्व जिला प्रशासन, क्षेत्र के आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक संपन्न होने तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री श्री देवांगन ने दो टूक शब्दों में कहा कि कोरबा शहर के नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना प्रशासन और रेलवे की जिम्मेदारी है।

अंत में उन्होंने इंदिरा नगर के बस्तीवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे पूरी तरह उनके साथ हैं। लोग बिना किसी डर और भय के अपने परिवार के साथ निवास करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।