कोरबा । कड़कड़ाती ठंड के बावजूद 21 दिसंबर को सुबह 8 बजे छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ जिला इकाई कोरबा के नवनिर्मित कार्यालय टी.पी. नगर में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं निगम अध्यक्ष नूतन सिंह ठाकुर ने संघ के 2026 कैलेंडर का विमोचन किया।
कार्यक्रम में पार्षद प्रतिनिधि अविनाश बंजारे, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद ईश्वर पटेल, वात्सल्य पब्लिक स्कूल के चेयरमैन शंकर पटेल, संघ के प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह चंदेल, जिला अध्यक्ष विपेंद्र कुमार साहू, सचिव जय नेताम सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि अखबार वितरकों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। ठंड, गर्मी या बारिश में भी वे हर घर तक सुबह-सुबह अखबार पहुंचाते हैं। उन्होंने संघ को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कार्यालय को संसाधनयुक्त बनाने के प्रयास करने की बात कही।
निगम अध्यक्ष नूतन सिंह ठाकुर ने वितरकों से सामूहिक बीमा कराने की सलाह दी तथा आर्थिक तंगी को देखते हुए बैटरी चालित साइकिल प्रदान करने के लिए निगम की ओर से प्रयास करने का वादा किया। अन्य अतिथियों ने भी संघ के रचनात्मक कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत से हुई। संचालन प्रदेश अध्यक्ष पद्मसिंह चंदेल ने किया तथा आभार जिला अध्यक्ष विपेंद्र साहू ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में कई वितरक एवं पत्रकार भी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















