धमतरी।जिले में एक बार फिर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। नेचुरल्स आइसक्रीम की डीलरशिप देने के बहाने अज्ञात ठग ने शहर के एक कारोबारी से करीब 19 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित कारोबारी ने जब और पैसे मांगे जाने पर शक किया और बैंक खाते की जांच कराई, तो ठगी का पता चला।
इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, अमलतास पुरम कॉलोनी (रुद्री रोड) निवासी कारोबारी शिव अग्रवाल ने शिकायत में बताया कि लगभग दो साल पहले उन्होंने नेचुरल्स आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की डीलरशिप के लिए ईमेल किया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने प्रयास छोड़ दिया।
9 दिसंबर 2025 को अचानक एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जो खुद को कंपनी प्रतिनिधि बताकर डीलरशिप प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात करने लगा। ठग ने डीलरशिप के लिए 9-10 लाख रुपये का खर्च बताया और विभिन्न प्रक्रियाओं जैसे रजिस्ट्रेशन, फॉर्म भरवाने आदि के नाम पर 10 से 15 दिसंबर के बीच किस्तों में कुल 19 लाख 49 हजार 999 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
जब ठग ने और रकम की मांग की, तो शिव अग्रवाल को शक हुआ। बैंक से खाते की डिटेल चेक कराई तो पता चला कि खाताधारक का नाम किसी और व्यक्ति का है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 पर भी रिपोर्ट की।
कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे फ्रॉड में ठग पुराने ईमेल या आवेदनों का इस्तेमाल कर पीड़ितों से संपर्क करते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















