चांपा में पोस्ट ऑफिस RD के नाम पर 1 करोड़ से अधिक की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस की आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) योजना के नाम पर करीब 200 खाताधारकों से 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान दीपक देवांगन (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पोस्ट ऑफिस का एजेंट बनकर खाताधारकों से आरडी की मासिक किस्तें वसूलता था, लेकिन अधिकांश रकम खातों में जमा नहीं कर फर्जी एंट्री, पोस्ट ऑफिस की नकली सील और हस्ताक्षर कर ग्राहकों को गुमराह करता रहा। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि ठगी की पूरी राशि उसने ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से हार दी।

मामले की शुरुआत 16 दिसंबर को हुई, जब राजकुमार देवांगन ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2018 में उसने चांपा पोस्ट ऑफिस में दो आरडी खाते खुलवाए थे, जिसमें प्रति माह 1500 रुपये की किस्त आरोपी दीपक देवांगन के माध्यम से जमा कराई जाती थी। पांच वर्षों में कुल 66 हजार रुपये दिए गए, लेकिन खाते में केवल 6900 रुपये ही जमा किए गए और शेष 59 हजार 100 रुपये की राशि का गबन कर फर्जी एंट्री कर दी गई।

जांच में सामने आया कि इसी तरह आरोपी ने लगभग 200 खाताधारकों से अलग-अलग किस्तों में करीब 5 वर्षों के दौरान लगभग 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी सहायता से खोजकर गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, दो फर्जी सिम कार्ड, चार बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज, लगभग 150 पोस्ट ऑफिस खातों से संबंधित कागजात, एजेंट का लाइसेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।