श्रमवीर स्टेडियम में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ

कोरबा-दीपका। दीपका के प्रगति नगर स्थित श्रमवीर स्टेडियम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। सुबह 11 बजे स्टेडियम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कर्मा नाचा नृत्य दल, ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्तिमय वातावरण ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शोभायात्रा में श्रीधाम वृंदावन से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास डॉ. श्यामसुंदर पाराशर जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। यात्रा के बाद श्रमवीर स्टेडियम में पहले दिन की भागवत कथा का आरंभ हुआ। कथा व्यास महाराज ने भागवत महात्म्य एवं प्रारंभिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य जन मौजूद रहे। कथा महोत्सव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखते ही बन रहा था।