कोरबा।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी में अपना परचम लहरा चुकी कोरबा जिले की बेटी संजू देवी का पाली पहुंचने पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। शिव मंदिर चौक पर बने विशाल मंच पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही। लोगों ने पुष्पमालाओं से संजू का सम्मान किया और उनकी जीत पर जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पाली–तानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम ने संजू देवी की उपलब्धि को पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि “संजू अब सिर्फ पाली या कोरबा की नहीं, बल्कि पूरे देश की पहचान बन चुकी हैं। इनकी मेहनत युवाओं के लिए प्रेरणा है।”
विधायक मरकाम ने मंच पर संजू देवी को 51 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की और भविष्य में हर संभव सहयोग देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए संजू देवी के लिए तीन बड़ी मांगें रखीं
1. सरकारी नौकरी प्रदान की जाए
2. जिला खनिज न्यास (DMF) मद से सम्मान राशि दी जाए
3. 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि स्वीकृत की जाए
स्थानीय लोगों ने भी संजू देवी की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि संजू क्षेत्र की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं। पाली के इतिहास में पहली बार किसी खिलाड़ी का इतना भव्य और भावनात्मक स्वागत देखने को मिला।
संजू देवी ने कहा कि “मेरे माता-पिता, दोस्तों, रिश्तेदारों, खिलाड़ियों और हर जगह के लोगों ने मेरा मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन स्थल पर उमंग, उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

