कमला नेहरू कॉलेज में रोजगार मेला : शिक्षा के साथ कौशल और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी – दीपेश भारती

9 कंपनियों ने 194 पदों के लिए लिया इंटरव्यू, 135 युवाओं ने कराया पंजीयन

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय में गुरुवार को जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से भव्य रोजगार मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला रोजगार अधिकारी दीपेश भारती ने किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल डिग्री काफी नहीं है, सफलता के लिए कौशल, मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है। छोटी शुरुआत करें, अनुभव लें, धैर्य और लगन रखें – यही आपको ऊंचे वेतन और बेहतरीन करियर तक ले जाएगा।

मेले में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, फोनपे, प्राइमेरिका लाइफ इंश्योरेंस, सिटी डेंटल, एस.बी. इंटरप्राइजेस, रेडमून क्लब, कैलाश ऑटो एजेंसी, वेदांता स्किल स्कूल समेत 9 कंपनियों ने हिस्सा लिया। 194 रिक्त पदों के लिए जिले भर से आए युवाओं के साक्षात्कार लिए गए। कुल 135 युवाओं ने मौके पर ही रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कराकर इंटरव्यू दिया।

महाविद्यालय के प्लेसमेंट प्रभारी अनिल राठौर ने सभी अतिथियों व कंपनियों का आभार व्यक्त किया। परिचय सत्र का संचालन रासेयो जिला संगठक वाय.के. तिवारी ने किया।

“जो जिज्ञासु होगा, वही अपना श्रेष्ठ स्थान खोज लेगा” – डॉ. प्रशांत

महाविद्यालय प्राचार्य ने कहा – “आज रोजगार आपके द्वार आया है। प्रक्रिया को समझें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। हमारा निरंतर प्रयास रहता है कि हर छात्र-छात्रा को योग्यतानुरूप रोजगार मिले और वे सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हों।”