कोरबा में फिर बढ़ी हाथियों की हलचल : 5 झुंडों में 50 हाथी, 19 शावक शामिल कई गांवों की फसलें नुकसान

कोरबा। कोरबा वन मंडल में हाथियों की संख्या एक बार फिर 50 तक पहुंच गई है। ये हाथी 5 अलग-अलग झुंडों में घूम रहे हैं, जिनमें 19 बच्चे भी शामिल हैं। हाल के दिनों में हाथियों ने 30 से अधिक किसानों की धान व सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा दो बोर और पहले कई सोलर पैनल भी क्षतिग्रस्त किए जा चुके हैं।

धरमजयगढ़ वन मंडल से हाथियों का लगातार आगमन जारी है, जिसकी सीमा कुदमुरा और करतला रेंज से लगती है। रात के समय हाथियों की आमद अधिक रहती है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्राम करतला के नवापारा में 12 हाथियों ने घिनारा के 3 किसानों की धान की फसल रौंदी। वहीं केराकछार क्षेत्र में 5 हाथियों का झुंड शांत अवस्था में देखा गया। दूसरी ओर 19 हाथियों का बड़ा झुंड ग्राम सेंद्रीपाली और बांधापाली में सक्रिय रहा, जहां 12 किसानों की फसलें नुकसान हुईं।

ग्राम केरवाद्वारी में 2 हाथी पहुंचे, जबकि एतमानगर गए 12 हाथी वापस बालको रेंज लौट आए हैं। फुटका पहाड़ क्षेत्र में हाथियों ने 15 किसानों की फसल को नुक़सान पहुंचाया है।

वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय बनी हुई है।