एसईसीएल पर चौतरफा गंदगी फैलाने के आरोप में 50 हजार रुपये का जुर्माना

निगम आयुक्त ने मानिकपुर से एसएलआरएम सेंटर तक निरीक्षण किया, सुधार नहीं हुआ तो आगे होगी कड़ी कार्रवाई

कोरबा। कोरबा नगर निगम ने एसईसीएल कोरबा क्षेत्र में चारों तरफ फैली गंदगी को लेकर कड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बुधवार को मानिकपुर से एसएलआरएम सेंटर तक स्वच्छता का जायजा लिया।

निरीक्षण में गंदगी की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद एसईसीएल पर 50 हजार रुपये की पेनाल्टी लगाई गई।
आयुक्त ने उपायुक्त नीरज कौशिक को निर्देश दिए कि एसईसीएल की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निगम द्वारा संचालित एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर का भी अवलोकन किया।

यहां सूखे-गीले कचरे के पृथक्कीकरण, कचरा प्रबंधन और अपशिष्ट विक्रय की व्यवस्था देखी गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सेंटर में रखे गए रजिस्टर और डायरी अद्यतन नहीं पाए जाने पर सुपरवाइजर और पीआईयू के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में जोन कमिश्नर प्रकाश चन्द्रा, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, आकाश अग्रवाल, स्वच्छता निरीक्षक सचीन्द्र थवाईत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

निगम का कहना है कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।