कोरबा।शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में सस्ते कपड़े की सेल के नाम पर एक शातिर ठग ने पिछले छह महीने में ग्राहकों, कर्मचारियों और बड़े व्यापारियों को मिलाकर 5 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर रफा-दफा हो गया। आरोपी की पहचान रायगढ़ निवासी विजय खुशलानी पुत्र जयराम दास खुशलानी के रूप में हुई है। कोतवाली थाने में 40 से अधिक पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
विजय खुशलानी ने पुरानी बस्ती में किराए की दुकान लेकर “सस्ते ब्रांडेड कपड़े” की सेल शुरू की थी। शुरुआत में कम कीमत पर कपड़े बेचकर उसने लोगों का भरोसा जीता। भीड़ देखकर ग्राहकों का विश्वास बढ़ता गया। इसके बाद उसने नया खेल शुरू किया। कई लोगों से कहा कि वह बाहर से बहुत सस्ते में अच्छा माल मंगवा सकता है और उनसे 5 हजार से 40 हजार रुपये तक एडवांस ले लिया। कुल मिलाकर 40 से ज्यादा लोगों से करीब 5 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल कर ली।
जब लोग कपड़े या पैसे वापस मांगने लगे तो विजय ने फोन उठाना बंद कर दिया। एक महिला ने फोन उठाकर पीड़ितों को खुली धमकी दी, “जो करना है कर लो, हम थाना-पुलिस से नहीं डरते।”
ठगी सिर्फ ग्राहकों तक सीमित नहीं रही। दुकान में काम करने वाली 15 लड़कियों का वेतन भी नहीं दिया गया। साथ ही शहर के 5-10 बड़े कपड़ा व्यापारियों से लाखों रुपये का माल उधार लिया गया, जिसका आज तक भुगतान नहीं हुआ। सीतामढ़ी मुख्य मार्ग के व्यापारी याकूब शेख ने बताया कि विजय ने पुराना और अनसोल्ड स्टॉक बेचने के बदले नया माल देने का वादा किया था, लेकिन अचानक दुकान बंद कर फरार हो गया।
पीड़ितों का कहना है कि विजय खुशलानी रायगढ़ में भी इसी तरह करीब 40 लाख रुपये की ठगी कर चुका है और वहां उसके खिलाफ पुलिस में केस दर्ज है।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि सभी शिकायतों के आधार पर धारा 420 सहित अन्य उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी अज्ञात व्यक्ति से एडवांस लेकर सौदा करने से पहले सावधानी बरतें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















