कोरबा । पाली थाना क्षेत्र के चैतमा चौकी अंतर्गत बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया।
मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक सुमित धनवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली समेत पलट गया और सुमित ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा शाम करीब 6 बजे सपलवा मार्ग पर हुआ। ग्राम पंचायत सपलवा निवासी सुमित धनवार बारी उमराव गांव में मजदूरी करने के बाद पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली (जो पाली निवासी ठेकेदार सुमित सिंह का बताया जा रहा है) ने उसे धक्का मार दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण वह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चैतमा चौकी प्रभारी अफसर खान पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक सुमित धनवार अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वह रोज मजदूरी कर माता-पिता और भाई-बहनों का पेट पालता था। पिता खेती-किसानी करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए तथा मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















