कबीरधाम पुलिस का बड़ा एक्शनः अंतरराज्यीय नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़, जहरीली शराब बनाने का पूरा प्लांट बरामद, 4 गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नकली देशी शराब बनाने वाले गिरोह का पता लगा लिया है और उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

यह गिरोह ग्रामीण इलाकों में भट्ठी शराब के नाम पर बेहद जहरीली और जानलेवा नकली देशी प्लेन शराब बेच रहा था।

नकली ब्रांडेड पैकिंग, होलोग्राम और स्टिकर लगाकर यह शराब बाजार भाव पर बेची जा रही थी, जो लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा थी।

आईजी राजनांदगांव रेंज अभिषेक शांडिल्य के दिशा-निर्देश और एसपी कबीरधाम डॉ. धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह सफल ऑपरेशन चलाया गया। एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक और डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना बोड़ला, चौकी पोड़ी व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

साइबर सेल ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी जांच के जरिए पूरे नेटवर्क को खोल दिया। इसके बाद ग्राम पोड़ी में मुख्य आरोपी नंद कुमार कुर्रे के घर दबिश दी गई, जहां नकली शराब बनाने का पूरा प्लांट चलता हुआ मिला।


मौके से बरामद सामान:
49 पाव भर नकली देशी प्लेन शराब
नकली स्टिकर के 6 बंडल और होलोग्राम के 8 पेज
सैकड़ों खाली पाव बोतलें, नकली ढक्कन
42 जरीकेन (25 लीटर प्रत्येक) और 19 पानी के जार
3 बॉटलिंग मशीनें एवं भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री

गिरफ्तार आरोपी:
नंद कुमार कुर्रे (34 वर्ष)
इस्लाम उर्फ सुद्दू (45 वर्ष)
शेख साजिद (28 वर्ष)
छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी (26 वर्ष)

सभी ग्राम पोड़ी एवं आसपास के रहने वाले हैं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह झारखंड से होलोग्राम, केमिकल और पैकिंग सामग्री मंगवाता था। दो अन्य सहयोगी भी इस नेटवर्क में शामिल हैं, जिनमें एक पहले से जेल में है और दूसरा फरार चल रहा है।

आरोपियों पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)ख, 34(2), 35, 49क, 59क तथा बीएनएस की धारा 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कबीरधाम पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अवैध, नकली या जहरीली शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे किसी भी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर उसे पूरी तरह खत्म किया जाएगा।

इस सफल अभियान में चौकी प्रभारी पोड़ी, थाना प्रभारी बोड़ला, साइबर सेल तथा फील्ड यूनिट के सभी जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।