कोरबा।कोरबा–चांपा मार्ग के तरदा–बिलासपुर भारत माला रोड स्थित अखरापाली टोल प्लाजा के पास युवक से मारपीट और लूटपाट करने के मामले में उरगा पुलिस ने महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए चार कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चार बेल्ट तथा लूटे गए 2,000 रुपये में से 400 रुपये बरामद किए हैं।
घटना 22 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे की है, जब प्रितेश मिर्झा सर्वमंगला मंदिर दर्शन के बाद नहर रोड से होकर तरदा की ओर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास 5–6 अज्ञात लोगों ने उसे रोककर बेल्ट और मुक्कों से बुरी तरह पीटा। हमलावरों ने उससे 2,000 रुपये नगद और मोबाइल फोन भी लूट लिया तथा उसे मृत समझकर फरार हो गए।
शिकायत दर्ज होने पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 524/2025 धारा 296, 351(3), 115(2), 310(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिन ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के निर्देशन में टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि संदेहवश ग्राम की एक लड़की का पीछा किए जाने की गलतफहमी के कारण उन्होंने यह वारदात की। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा है कि शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















