कोरबा। कोरबा नगर निगम ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवारी मेन रोड से घंटाघर तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और ठेलों को हटाने का अभियान चलाया।
टीम ने कंबल, कपड़े, मोबाइल ठेले, दूध विक्रेता, फल-सब्जी और फूल बेचने वालों को पहले मौखिक चेतावनी दी और फिर लिखित नोटिस थमाया। नोटिस में साफ कहा गया है कि 24 घंटे के अंदर अपनी दुकान या ठेला सड़क किनारे से हटा कर निर्धारित स्थान पर ले जाएं, अन्यथा सामान जब्त कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च कर सौंदर्यीकरण और फुटपाथ का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन अतिक्रमण के कारण न तो सुंदरता बनी रहती है और न ही पैदल चलने वालों को जगह मिल पाती। घंटाघर चौक के आसपास वाहन सड़क पर ही खड़े हो जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। जो दुकानदार खुद सामान नहीं हटाएंगे, उनकी दुकानें जब्त की जाएंगी और चालानी कार्रवाई भी होगी।
शहरवासियों ने इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही कोरबा की सड़कें अतिक्रमण मुक्त होकर सुंदर और सुगम हो जाएंगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















