गेवरा कोलफील्ड में नए श्रम कानूनों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, श्रमिकों ने लगाया काला फीता

कोरबा।गेवरा क्षेत्र में बुधवार को संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए चार श्रम संहिताओं के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिक चौक में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने काला झंडा और काला फीता लगाकर विरोध जताया तथा सरकार के निर्णय के खिलाफ नारेबाजी की।

श्रमिक संगठनों ने कहा कि नए श्रम कानून मजदूर हितों के विरुद्ध हैं और इनके लागू होने से श्रमिकों के अधिकारों एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूर वर्ग 26 नवंबर को उद्योगों और खदानों के प्रवेश द्वार पर खड़े होकर यह संदेश दे रहा है कि वे इन श्रम संहिताओं को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेंगे।

श्रमिक नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने मजदूर हितों की अनदेखी बंद नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।