कलेक्टर अजीत वसंत ने किया बिंझरा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण, कहा किसानों को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी

पात्र किसानों से गुणवत्ता युक्त धान खरीदी एवं त्वरित भुगतान के दिए सख्त निर्देश, अवैध धान खरीदी पर पूर्ण प्रतिबंध

कोरबा।कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा के आदिम जाति सहकारी मर्यादित धान खरीदी केंद्र बिंझरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र प्रबंधक से पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी टोकन, अब तक हुई धान खरीदी की मात्रा, किसानों को किया गया भुगतान तथा केंद्र में उपलब्ध बारदानों की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान भंडारण एवं स्टैकिंग व्यवस्था, नए-पुराने बारदान की गुणवत्ता, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, चौकीदार व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया।

किसानों के हित में कलेक्टर ने केंद्र प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले मूल एवं पात्र किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों के खाते में धान का भुगतान तुरंत सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध धान की खरीदी किसी भी हाल में न हो, इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को धान खरीदी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पोड़ी उपरोड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।