महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत को मिला ‘इंडिया प्राइड अवॉर्ड’, स्वच्छता में देश में 8वां स्थान दिलाने पर दिल्ली में सम्मान

शिवराज सिंह चौहान ने किया सम्मानित, महापौर ने सफलता का श्रेय निगम टीम, स्वच्छता दीदियों-भाइयों और जनता को दिया

कोरबा।कोरबा नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत को स्वच्छ सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन और शहर को स्वच्छ बनाने के उत्कृष्ट कार्यों के लिए नई दिल्ली में ‘इंडिया प्राइड अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित भव्य समारोह में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।

महापौर पद संभालते ही श्रीमती संजू देवी राजपूत ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान चलाया था। इसके परिणामस्वरूप स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में कोरबा नगर निगम ने पूरे देश में आठवां स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव की बात है।

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद महापौर ने कहा, “यह सम्मान कोरबा की जनता, निगम आयुक्त आईएएस आशुतोष पांडे, स्वच्छता अधिकारी संजय तिवारी, सभी अधिकारियों, स्वच्छता दीदियों-भाइयों और शहरवासियों का है। कोरबा की जनता का मंत्र है – ‘ना गंदगी करूंगी, ना करने दूंगी’ – यही हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”

उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरी प्रशासन मंत्री अरुण साव तथा कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन का भी विशेष आभार जताया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से निगम को लगातार मदद मिली।

महापौर ने विश्वास दिलाया कि आने वाले वर्षों में कोरबा स्वच्छता रैंकिंग में और ऊपर स्थान बनाएगा। अंत में उन्होंने कोरबा की जनता को तहे-दिल से धन्यवाद देते हुए कहा, “यह पुरस्कार आप सबके विश्वास और सहयोग का प्रतिफल है। मैं वादा करती हूं कि कोरबा को और स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का काम जारी रहेगा।”