कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को पूरी तरह खामी रहित और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सभी जोन कमिश्नरों और प्रभारी अधिकारियों को दिए हैं।
सोमवार को आयुक्त ने निगम मुख्यालय में सभी जोन कमिश्नरों एवं संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और निर्वाचक नामावली के एसआईआर कार्य की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। आयुक्त ने कहा कि यह कार्य अत्यंत संवेदनशील है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ और सुपरवाइजर को पूरा सहयोग दें तथा दैनिक प्रगति को लगातार अपडेट करते रहें।
आयुक्त ने आम नागरिकों और मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपने बीएलओ के पास जाकर फार्म में सही-सही जानकारी भरकर समय से जमा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार गणना पत्रक भरने एवं डिजिटाइजेशन की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है। यदि 2003 की निर्वाचक नामावली में मतदाता स्वयं या उनके माता-पिता का नाम मौजूद है तो कोई दस्तावेज जरूरी नहीं, लेकिन यदि नाम नहीं है तो निर्धारित 11 प्रकार के दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बैठक में एसडीएम सरोज महिलांगे, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, नीरज कौशिक, बी.पी. त्रिवेदी, जोन कमिश्नर विनोद शांडिल्य, भूषण उरांव, अखिलेश शुक्ला, प्रकाश चन्द्रा, तपन तिवारी, एन.के. नाथ, सुनील टांडे, राकेश मसीह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















