कोरबा। पुलिस की वर्दी उतरते ही अपराध की राह पकड़ने वाला एक बर्खास्त आरक्षक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। कुसमुंडा पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी शत्रुघ्न उरांव पूर्व में पुलिस विभाग में आरक्षक था, लेकिन गलत आचरण के कारण उसे विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था।
पुलिस को सबसे पहले 19 वर्षीय रोहित दास महंत (पिता धरमदास महंत, निवासी पंप हाउस कोरबा) के कब्जे से एक पुरानी चोरी की मोटरसाइकिल मिली। सख्ती से पूछताछ करने पर रोहित ने खुलासा किया कि यह बाइक उसे सर्वमंगला मंदिर के पास से चोरी करके बर्खास्त आरक्षक शत्रुघ्न उरांव ने दी थी। रोहित के निशानदेही पर पुलिस ने शत्रुघ्न उरांव को भी दबोच लिया। दोनों की तलाशी और पूछताछ में कुल 4 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शत्रुघ्न उरांव को कुछ वर्ष पहले ही विभागीय अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचार के कारण सेवा से बर्खास्त किया गया था, लेकिन बर्खास्तगी के बाद भी उसके अपराधी तेवरों में कोई कमी नहीं आई। अब वह चोरी की बाइकों का गिरोह चला रहा था।
कुसमुंडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भादसं की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जब्त की गई चारों मोटरसाइकिलों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनके संबंध में पहले चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई है या नहीं।
पुलिस को संदेह है कि आरोपी लंबे समय से कोरबा शहर में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















