गलत दिशा में मुड़ा ट्रेलर, दो युवकों की जान बाल-बाल बचीटक्कर में बाइक कबाड़, चौक की अव्यवस्था पर फूटा गुस्सा

कोरबा।कुसमुंडा थाना क्षेत्र के इमलीछापर स्थित भुट्टा चौक में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। गलत दिशा में मुड़े एक ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से दुपहिया वाहन सवार दो युवक तो सतर्कता से बच गए, लेकिन उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद साहू अपने साथी अनिल मरावी के साथ भुट्टा चौक की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहा एक भारी ट्रेलर अचानक गलत दिशा में मुड़ गया। ट्रेलर सीधे उनकी बाइक की ओर बढ़ रहा था और स्थिति टक्कर की ओर संकेत कर रही थी। हालात को समझते हुए बाइक चालक विनोद ने तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन को किनारे खींचा, जिससे दोनों की जान बच गई। हालांकि ट्रेलर के चपेट में आते ही उनकी बाइक का कबाड़ हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने भारी वाहन चालक पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से ऐसे लापरवाह चालकों पर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इमलीछापर चौक की स्थिति बेहद चिंताजनक है। नियमित हादसों के खतरे और खराब प्रबंधन को लेकर कई बार शिकायतें की गई हैं, मगर अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किए गए।

लोगों का आरोप है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता किसी दिन यहां गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।