बोर्ड रिजल्ट 10% तक सुधारने का लक्ष्य : कमजोर छात्रों के लिए 20 दिसंबर से विशेष कक्षाएं शुरू, धान खरीदी केंद्रों के निरीक्षण के सख्त निर्देश

कोरबा। जिले में हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम को कम से कम 10 प्रतिशत तक सुधारने के लिए कलेक्टर अजीत वसंत ने शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 20 दिसंबर से कक्षा 10वीं और 12वीं के कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी कक्षाएं अनिवार्य रूप से शुरू की जाएं।

मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम और जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि इन विशेष कक्षाओं के लिए स्थान चयन, बैठने-खाने की व्यवस्था तथा विषय विशेषज्ञ लेक्चरर का चयन शीघ्र पूरा कर लिया जाए।

मतदाता सूची पुनरीक्षण में गति लाएं
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को डिजिटाइजेशन का प्रतिशत तेजी से बढ़ाने, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा शहरी क्षेत्रों में सुबह-शाम घर-घर जाकर फॉर्म-6, 7, 8 भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर में लगे कर्मचारियों को किसी अन्य कार्य में अटैच नहीं किया जाए।

धान खरीदी केंद्रों पर कड़ी नजर
कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। धान खरीदी की बढ़ती मात्रा को देखते हुए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है।

निर्देश दिए गए कि:

हर आने वाले वाहन के साथ फोटो अनिवार्य रूप से लिया जाए

सीसीटीवी कैमरे हर हाल में क्रियाशील रहें

मिलर्स और केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर शासन के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए

हाल ही में स्थानांतरित फड़ प्रभारी और ऑपरेटर अपने नए केंद्र पर उपस्थित हैं या नहीं, इसकी जांच कर तुरंत कार्रवाई की जाए

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।