कोरबा।नगर निगम कोरबा द्वारा जलकर वसूली को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान मिशन वरूण को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। वर्षों से बकाया जलकर भुगतान में लापरवाही बरतने वाले उपभोक्ताओं में अब जागरूकता बढ़ी है। निगम के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 दिनों में 6 लाख 85 हजार रुपये बकाया जलकर के रूप में जमा हुए हैं। वहीं, सोमवार को अकेले 1 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई।
निगम द्वारा लंबे समय से नागरिकों को दिन में दो बार पेयजल आपूर्ति की जा रही है, बावजूद इसके जलकर वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही थी। इसी स्थिति को देखते हुए महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में मिशन वरूण की शुरुआत की गई। अभियान का उद्देश्य पानी की बर्बादी रोकना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना और बकाया जलकर भुगतान को सुनिश्चित कराना है।
कार्यपालन अभियंता जलप्रदाय राकेश मसीह ने बताया कि मिशन वरूण टीम लगातार वार्डों और बस्तियों में पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रही है। टीम के सदस्य घर-घर दस्तक देकर नागरिकों को जल संरक्षण, पानी का अपव्यय रोकने तथा समय पर जलकर भुगतान के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसके साथ ही घरों में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था है या नहीं, इसका भी सर्वे किया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि मिशन वरूण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। वसूली अभियान के इन शुरुआती परिणामों से निगम को उम्मीद है कि आगामी दिनों में जलकर भुगतान की गति और तेज होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















