कोरबा। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग कोरबा द्वारा उपभोक्ता अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिमाह आयोजित किए जा रहे शिविरों की श्रृंखला में 23 नवंबर 2025 को करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत ढोढातराई में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में आयोग की अध्यक्षा श्रीमती रंजना दत्ता, सदस्य सुश्री ममता दास एवं पंकज कुमार देवड़ा की उपस्थिति में ग्रामीणों को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत उपलब्ध अधिकारों और कानूनी संरक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण व अतिथियों के स्वागत से हुई।
शिविर में महिलाओं, छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मितानिन समूह एवं आम उपभोक्ताओं को वस्तुओं व सेवाओं की गुणवत्ता, उचित मूल्य, सूचना पाने के अधिकार, शिकायत प्रक्रिया एवं क्षतिपूर्ति के प्रावधानों के बारे में बताया गया। आयोग के सदस्यों ने कहा कि यदि किसी वस्तु या सेवा में कमी, ओवर बिलिंग, भ्रामक विज्ञापन, लापरवाही या अनुचित व्यापार व्यवहार हो तो उपभोक्ता सरल प्रक्रिया के माध्यम से जिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग, बीमा, बैंकिंग, दवा, इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा डिजिटल फ्रॉड से जुड़ी सावधानियों पर भी विशेष रूप से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को फिशिंग, फेक वेबसाइट, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और डिजिटल पेमेंट जोखिमों से बचने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए।
शिविर में जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष गणेश कुलदीप ने दैनिक जीवन में उपयोग की जाने वाली वस्तुओं के संदर्भ देते हुए उपभोक्ता अधिकारों पर मार्गदर्शन दिया तथा प्रत्येक खरीद पर बिल लेने की अनिवार्यता पर जोर दिया।
जनपद सदस्य श्रीमती देवी बाई राजवाड़े ने सरकार द्वारा उपभोक्ता हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता रोहित जायसवाल ने किया।
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सीता देवी धनवार ने ग्रामीणों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। शिविर के दौरान ई-हियरिंग, ई-फाइलिंग, शिकायत प्रारूप आदि से जुड़े प्रश्नों का समाधान किया गया तथा टोल-फ्री नंबर व ई-जागृति पोर्टल लिंक उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में आयोग के नाजीर रामनारायण पटेल,मितानिन समूह केअध्यक्ष मनहरण पटेल,पंच धनसाय मंझवार, प्रतिष्ठित नागरिक रामनरेश जायसवाल गांव के पंच, मितानिन जनपद सदस्य,कोटवार,वरिष्ठ नागरिकगण, महिलाएं,आम नागरिक व ग्रामवासी बड़ी संख्या मे उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















