अवैध रेत खनन व शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर,1 जेसीबी व 1 टीपर जब्त

कोरबा।जिला प्रशासन की सख्ती का असर, अवैध रेत खनन और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर अनुविभाग पाली में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की गई।

पहली कार्रवाई ग्राम पोड़ी में की गई, जहाँ अवैध रूप से रेत का खनन कर ट्रैक्टरों से परिवहन किया जा रहा था। नायब तहसीलदार पाली सुजीत कुमार पाटले, राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी की टीम ने मौके पर पहुँचकर रेत से लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना पाली को सुपुर्द कर दिया।

दूसरी कार्रवाई हरदीबाजार तहसील के ग्राम बांधाखार में हुई। यहाँ बिना किसी अनुमति के शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मिट्टी की पटाई (लेवलिंग) का काम चल रहा था।

राजस्व टीम ने मौके पर पहुँचकर कार्य में लगा एक जेसीबी मशीन और एक टीपर वाहन को जब्त कर थाना हरदीबाजार को सौंप दिया।

एसडीएम पाली रोहित सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि अनुविभाग में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा एवं रेत सहित अन्य खनिजों का अवैध खनन- परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी लगातार जारी रहेंगी।

जिला प्रशासन की इस मुहिम से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।