बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के लेडीज़ क्लब द्वारा वार्षिक ‘उत्सव मेला-2025’ का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। मेले का शुभारंभ बालको के सीईओ राजेश कुमार और लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा श्रीमती मनीषा कुमार ने फीता काटकर किया। इस वर्ष क्लब ने अपनी गौरवशाली 52 वर्ष की उपलब्धियों और समृद्ध परंपरा का विशेष रूप से जश्न मनाया, जिसने पूरे बालको परिवार को एकता और सामुदायिक बंधन के सूत्र में बांध दिया।
मेले में 500 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी आयु वर्ग के लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजन और आकर्षक गतिविधियों का आनंद लिया। मेले में 20 से अधिक स्टॉलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिनमें स्वादिष्ट व्यंजन, पारंपरिक परिधान, हैंडलूम वस्त्र, आभूषण, घरेलू शिल्प, खेल और मनोरंजन प्रमुख रहे। इन स्टॉलों ने स्थानीय प्रतिभाओं और महिला उद्यमियों को अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्लब सदस्यों और बच्चों ने विविध नृत्य, मंच प्रस्तुतियों, प्रतियोगिताओं और इंटरएक्टिव खेलों से वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। बच्चों, महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष रूप से तैयार की गई गतिविधियों ने मेले की ऊर्जा और सहभागिता को और बढ़ाया। आयोजन व्यवस्था और उत्सव का जोश पिछले वर्षों की तुलना में अधिक प्रभावशाली रहा।
कार्यक्रम के समापन पर लेडीज़ क्लब की पदाधिकारियों ने क्लब सदस्यों, प्रतिभागियों और बालको प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के प्रेरणादायी और सामुदायिक एकता को मजबूत करने वाले कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

