सीतामणी क्षेत्र के बूथों पर पहुँचे अधिकारी, 4 दिसंबर तक पूरा करना है डिजिटाइजेशन
कोरबा। भारत सरकार और निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) अभियान के तहत मतदाताओं के भौतिक सत्यापन कार्य का कोरबा में निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय और एसडीएम सरोज महिलांगे ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के सीतामणी इलाके के मतदान केंद्र क्रमांक 219 और 156 का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त पाण्डेय ने एसआईआर गतिविधियों में लगे बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनों और उपस्थित मतदाताओं से कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि एसआईआर फॉर्म भरने में किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर बूथ स्तर पर मौजूद बीएलओ और सुपरवाइजर से संपर्क करें ताकि त्रुटिरहित फॉर्म सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने मतदाताओं को यह कार्य राष्ट्रीय हित में बताते हुए एसआईआर फॉर्म सही जानकारी के साथ समय पर जमा करने और अपने आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
आयुक्त ने बताया कि गणना पत्रक (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरने और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगी। जिन मतदाताओं या उनके माता-पिता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
यदि 2003 की नामावली में नाम नहीं है, तो 11 प्रकार के मान्य दस्तावेजों में से किसी एक का प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा—
- सरकारी पहचान पत्र/पेंशन भुगतान आदेश
- 1 जुलाई 1987 से पूर्व जारी कोई सरकारी पहचान पत्र
- जन्म प्रमाणपत्र
- पासपोर्ट
- मैट्रिक या अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र
- स्थायी निवास प्रमाणपत्र
- वन अधिकार प्रमाणपत्र
- जाति प्रमाणपत्र
- राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहां लागू)
- परिवार रजिस्टर
- भूमि/मकान आवंटन प्रमाणपत्र
एसआईआर फॉर्म के लिए नई फोटो अनिवार्य नहीं है, पुरानी फोटो से ही अपडेट किया जाएगा, हालांकि नई फोटो देने पर उसे स्वीकार किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नीरज कौशिक, जोन कमिश्नर विनोद शांडिल्य, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, उप अभियंता विनोद गोंड़ सहित बीएलओ और अन्य मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

