कोरबा । कोरबा अंचल के मध्य से गुजरने वाली बांयीं तट नहर की लाइनिंग मरम्मत का काम अब भी शुरू नहीं हो पाया है। नहर की स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है, लेकिन तीन हिस्सों में मंजूर हुए कार्यों के टेंडर प्रक्रिया बार-बार अटक रही है।
जानकारी के अनुसार 48 से 9500 मीटर तक नहर लाइनिंग निर्माण के लिए 7 करोड़ 24 लाख रुपए की स्वीकृति के बाद टेंडर जारी कर बिलासपुर की एक ठेका कंपनी को वर्क ऑर्डर दिया गया है, लेकिन कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ। इसके आगे 9500 से 12000 मीटर तक की मरम्मत के लिए 7 करोड़ 49 लाख रुपए की मंजूरी मिली थी, लेकिन इस हिस्से के लिए जारी दूसरा टेंडर ठेका कंपनी के अपात्र पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया।
इसी प्रकार 12 से 18 किमी के बीच लाइनिंग मरम्मत हेतु 6 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन इस खंड के लिए कोई भी वेंडर सामने नहीं आया। विभाग अब पूरे कार्य के लिए फिर से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है।
नहर की लाइनिंग टूटने से इसके फूटने का खतरा लगातार बना हुआ है। सुनालिया चौक से संजय नगर रेलवे स्टेशन रोड तक स्थिति गंभीर है, जहां सेफ्टी वाल टूट चुका है और बिजली के खंभे भी झुक गए हैं।
रबी फसल के लिए जनवरी में नहर में पानी छोड़ा जाना है, जबकि अप्रैल तक सिंचाई जारी रहती है। ऐसे में मरम्मत का समय बेहद सीमित बचा है। लाइनिंग खराब होने से नहर को उसकी पूरी क्षमता के साथ चलाना संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

