दीपावली 2025: स्टाइलिश और फैंसी पटाखों की बढ़ी मांग, तेज आवाज वाले पटाखों से हटा रुझान

कोरबा। इस बार दीपावली 2025 में कोरबा जिले में स्टाइलिश और फैंसी पटाखों की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है। तेज आवाज वाले पटाखों का आकर्षण अब कम होता जा रहा है। पटाखा कारोबारियों के अनुसार, समय के साथ लोगों की पसंद में बदलाव आया है। जहां पांच से दस साल पहले अधिक डेसीबल वाले आवाजी पटाखों की मांग रहती थी, वहीं अब ग्राहक फैंसी अनार, चकरी, फुलझड़ी, पॉप और चुटपुटिया जैसे स्टाइलिश पटाखों को प्राथमिकता दे रहे हैं।


कारोबारियों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार पटाखों के दाम में करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। हाल में मंगाए गए पटाखे पिछले महीने की तुलना में महंगे पड़े हैं, जिसके कारण दुकानदारों को भी अधिक कीमत पर बेचना पड़ रहा है।

हालांकि, कुछ कारोबारियों ने पहले ही स्टॉक जमा कर लिया था, जिससे उन्हें फायदा हुआ। पांच साल पहले तक कोरबा की हर पटाखा दुकान में बारूद वाली रस्सी की मांग रहती थी, जो धुआं छोड़ती थी, लेकिन अब यह लोगों की पसंद से बाहर हो गई है। दूसरी ओर, मिर्ची पटाखा बच्चों के बीच लगातार लोकप्रिय बना हुआ है।