अडानी पावर प्लांट में बस पर लटकी मिली चालक की लाश, सुसाइड की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के उरगा थाना अंतर्गत स्थित अडानी पावर प्लांट में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने हड़कंप मचा दिया। प्लांट के अंदर खड़ी एक बस पर लटकी हुई लाश देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

देखते ही देखते सैकड़ों कर्मचारी घटनास्थल पर जमा हो गए। इसकी सूचना तुरंत कंपनी के अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने पुलिस को बुलाया। उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब कर्मचारी अपने काम पर पहुंचे थे। बस के अंदर एंगल आयरन से लटकी हुई लाश देखकर सभी स्तब्ध रह गए। मृतक की पहचान 37 वर्षीय राजेश महतो के रूप में हुई है, जो बिहार के वैशाली जिले के एक गांव के निवासी थे। राजेश महतो कुछ महीनों पहले ही नौकरी की तलाश में बिहार से कोरबा पहुंचे थे और रोहित बिल्डकॉन कंपनी में बस चालक के रूप में काम कर रहे थे। उनकी ड्यूटी प्लांट के कर्मचारियों को लाने-ले जाने की थी।

बताया जाता है कि राजेश अक्सर उसी बस में ही रहते थे कभी बाहर सोते, तो कभी बस के अंदर ही खाना बनाकर गुजारते।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया, “सूचना मिलते ही हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कंपनी के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रथम दृष्टया यह सुसाइड का मामला लग रहा है, लेकिन मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है। यह कब, कैसे और किस परिस्थिति में उठाया गया, यह अभी समझ से परे है।” पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। अधिकारियों को शक है कि मौत से पहले राजेश ने किसी से बातचीत की होगी। मोबाइल की कॉल डिटेल्स और मैसेज की जांच की जा रही है, जिससे घटना के पीछे की वजहों का पता चल सकता है। परिजनों के बयानों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना अडानी पावर प्लांट में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े कर रही है।

बिहार से कोरबा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के लिए आने वाले हजारों युवा अक्सर परिवार से दूर रहते हैं, जिससे तनाव बढ़ सकता है। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन को सुरक्षा और काउंसलिंग व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी है।