एसईसीएल के खिलाड़ियों ने नागपुर में जीते 17 मेडल, हासिल किया उपयोगिता खिताब

कोरबा। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, नागपुर में आयोजित कोल इंडिया की इंटर कंपनी पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और बॉडीबिल्डिंग टूर्नामेंट में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 मेडल जीते। 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एसईसीएल ने उपयोगिता खिताब पर कब्जा जमाया, जिसमें टीम ने 49 अंक अर्जित किए।

खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य पदक हासिल किए। इस प्रतियोगिता में कोल इंडिया की सभी कंपनियों की टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन एसईसीएल के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबसे अधिक मेडल जीतकर अलग पहचान बनाई।

एसईसीएल के अधिकारियों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह प्रदर्शन दर्शाता है कि एसईसीएल न केवल कार्यक्षेत्र में, बल्कि खेल के मैदान में भी अग्रणी है।