केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों ने चित्रकला से सजाया परिसर, उकेरी रचनात्मक कल्पनाएं

कोरबा।केंद्रीय विद्यालय नंबर 2, कोरबा में 15 और 16 अक्टूबर को पूर्व व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत एक विशेष चित्रकला गतिविधि का आयोजन किया गया। प्राचार्य एसके साहू के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर की दीवारों, स्तंभों और गमलों को रंग-बिरंगी चित्रकारी से सजाया गया।

इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता और सौंदर्यीकरण अभियान के तहत परिसर को आकर्षक, रचनात्मक और प्रेरणादायक बनाना था।

विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से स्वच्छता, शिक्षा, ट्रैफिक नियम, विज्ञान का उपयोग, प्रकृति की सुंदरता, गणितीय सूत्र और एकल उपयोग प्लास्टिक जैसे विषयों को जीवंत रूप दिया। इन रचनात्मक चित्रों ने न केवल परिसर को सुंदर बनाया, बल्कि विद्यार्थियों में सकारात्मकता और रचनात्मकता का संचार भी किया।

यह गतिविधि छात्र-छात्राओं के लिए खुशी और मानसिक शांति का स्रोत बनी, साथ ही परिसर का वातावरण जीवंत और प्रेरणादायक हो गया।

इस आयोजन में सभी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देती है, बल्कि रोजगार के अवसर भी प्रदान करती है। इस गतिविधि को सफल बनाने में कला शिक्षक सौरभ आनंद और कार्यानुभव शिक्षिका श्रीमती किरण मिंज का विशेष योगदान रहा।