कोरबा। प्रकाश पर्व दीपावली के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (सीएसईबी) के हजारों कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और तकनीकी कर्मचारियों के लिए टेक्निकल भत्ता समेत अन्य मांगों को लेकर बीएमएस से संबद्ध बिजली कर्मचारी संघ महासंघ 10 अक्टूबर से राज्य बिजली कंपनी मुख्यालय के पास अनिश्चितकालीन धरना दे रहा है। इस हड़ताल से बिजली आपूर्ति में दिक्कतें पैदा हो रही हैं।
महासंघ के महामंत्री नवरतन बरेठ ने कहा कि प्रबंधन ने पहले उनकी मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन अब तक इन्हें लागू नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में रोष है।
दूसरी ओर, राज्य बिजली ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता (एचआर) ने सर्कुलर जारी कर चेतावनी दी है कि हड़ताल में शामिल कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा और इसे ‘ब्रेक इन सर्विस’ माना जाएगा। हड़ताल को कदाचरण की श्रेणी में गिनते हुए सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। हड़ताल में शामिल होने या दूसरों को उकसाने को भी दुराचरण माना जाएगा।
हालांकि, बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं। जिले के अधिकांश सब स्टेशनों में ऑपरेटिंग, फ्यूज कॉल और मरम्मत कार्यों में ठेका कर्मचारी नियमित कर्मचारियों से अधिक सक्रिय हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















