बालकोनगर की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का सपना चकनाचूर, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

कोरबा। कोरबा जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बालकोनगर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश को नाकाम कर दिया। मिनीमाता चौक, सिविक सेंटर और नेहरू नगर क्षेत्र में कुछ लोगों ने बालको स्वामित्व वाली भूमि पर अवैध निर्माण शुरू किया था। शिकायत मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर इन निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि संबंधित व्यक्तियों को पहले ही नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शासकीय या निजी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे अराजक तत्वों के बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अवैध निर्माण या कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।