ट्रक में हाई टेंशन तार से दौड़ा करंट, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान

कोरबा। शनिवार रात कोरबा शहर में एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब रानी रोड पर एक चलती ट्रक हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई और उसमें करंट दौड़ पड़ा। समय रहते चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना रात करीब 11 बजे की है, जब उत्तर प्रदेश पासिंग की एक ट्रक सामान खाली करने के लिए कोरबा शहर में दाखिल हुई। ट्रक सीतामणी महात्मा गांधी मार्ग से होते हुए रानी रोड की ओर बढ़ रही थी। रवि साउंड सर्विस के पास पहुंचते ही ट्रक का ऊपरी हिस्सा लटकते हाई टेंशन तार से टकरा गया। टक्कर के साथ ही स्पार्क हुआ और ट्रक में करंट दौड़ गया।

चालक और परिचालक ने तुरंत हालात भांपते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग और कोतवाली पुलिस को सूचित किया। कोतवाली टीआई मोतीलाल पटेल और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग ने तारों को ऊपर उठाकर और विद्युत कनेक्शन काटकर ट्रक को सुरक्षित निकाला।

इस दौरान लगभग आधे घंटे तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सौभाग्य से न तो कोई जनहानि हुई और न ही करंट के कारण आग लगने जैसी कोई घटना हुई।

स्थानीय लोगों ने लटकते हाई टेंशन तारों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बिजली के तारों को उचित ऊंचाई पर व्यवस्थित करना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। लोगों ने राहत की सांस लेते हुए बिजली विभाग से तारों की स्थिति सुधारने की मांग की है।