त्योहारी सीजन में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नो पार्किंग जोन में वाहनों पर व्हील लॉक

कोरबा।दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए कोरबा में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। सर्वमंगला चौक, ध्यानचंद चौक और राताखार रोड जैसे व्यस्त चौराहों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर चालानी कार्रवाई की जा रही है।

त्योहारों के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह सख्ती बरती जा रही है। सड़क किनारे मनमाने ढंग से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने व्हील लॉक लगाने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना भी लगाया। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान शहर में जाम और अव्यवस्था से बचाने के लिए चलाया जा रहा है।

इस अभियान का नेतृत्व एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर कर रहे हैं, जबकि डीएसपी (ट्रैफिक) डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर तेजस यादव, एएसआई मनोज राठौर, रामनारायण राठौर, ईश्वर लहरे और ट्रैफिक स्टाफ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है ताकि त्योहारों की खुशी सुरक्षित और सुगम रहे।