हरदीबाजार में ग्रामीणों का गुस्सा, मांगें अधूरी रहने पर बैठक का किया बहिष्कार

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) दीपिका क्षेत्र की कोयला खदान के विस्तार के लिए हरदीबाजार की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

ग्राम सभा में इसके लिए प्रस्ताव पारित होने के बावजूद, ग्रामीणों की कई मांगें अनसुलझी रहने के कारण उन्होंने प्रशासन द्वारा बुलाई गई बैठक का बहिष्कार कर दिया।

शुक्रवार को हरदीबाजार के तहसील कार्यालय में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर (कोरबा) और एसडीएम (पाली) मौजूद थे। लेकिन स्थानीय लोगों ने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि उनकी पिछली मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, ऐसे में नई बैठक का कोई औचित्य नहीं है।

कटघोरा के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, स्थानीय नागरिक अजय दुबे, सरपंच युवराज सिंह, अनिल पाटिल सहित अन्य ने अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, वे किसी भी चर्चा में हिस्सा नहीं लेंगे। ग्रामीणों की नाराजगी और प्रशासन के रवैये से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।