स्कूटी सवार युवती से मोबाइल लूटने वाला दमकल कर्मी गिरफ्तार, दुकान संचालक की तलाश जारी

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर स्कूटी सवार एक युवती से मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने दमकल कर्मी आकाश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चोरी का मोबाइल खरीदने वाले दुकान संचालक धनेश्वर राठौर की तलाश जारी है।

शनिवार शाम को युवती स्कूटी से घंटाघर से बुधवारी होते हुए सीएसईबी चौकी की ओर जा रही थी। रास्ते में स्कूल के पास रुककर वह फोन पर बात कर रही थी, तभी पल्सर बाइक सवार आकाश शुक्ला ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गया।

युवती की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में युवती के बताए हुलिए के आधार पर आकाश शुक्ला की पहचान हुई।

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आकाश को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मोबाइल को दुकान संचालक धनेश्वर राठौर को बेचने की बात कबूल की।

पुलिस ने धनेश्वर को भी आरोपी बनाया है और उसकी तलाश कर रही है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि नशे की हालत में लूट की वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी आकाश गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन वह भागने की फिराक में था। मामले की जांच जारी है।