एक दिन में 3 लाख मामलों का निराकरण,बनाया रिकॉर्ड

कोरबा। जिले में अलग-अलग स्थान पर लगी लोक अदालत में पहली बार बड़ा रिकार्ड बना। इस दौरान लगभग 3 लाख मामले का निराकरण किया गया। इसमें 13 करोड़ 49 लाख 55 हजार 167 रूपये की निपटान राशि को भी अंतिम रूप से हल किया गया।

बताया गया कि कोरबा जिले के कोरबा सहित आसपास के अदालतों में खण्डपीठ बनाकर मामलों को पेश किया गया और उन्हें निराकृत किया गया। विधिक सेवा प्राधिकरण ने यहां नेशनल लोक अदालत आयोजित की। खबर के अनुसार इसमें 02 लाख 98 हजार 894 मामले निपटाए गए। इनमें 2 लाख 93 हजार 608 मामले प्री-लिटिगेशन चरण के थे और 5 हजार 286 मामले ऐसे थे जो विभिन्न न्यायालयों में लंबित थे।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वाधान, छग राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशन आयोजन हुआ। वर्चुअल और भौतिक उपस्थिति मोड में आयोजित लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से 48 खण्डपीठ में मामले हल किए गए। जिला न्यायालय कोरबा एवं तालुका विधिक सेवा समितियों- कटघोरा, करतला एवं पाली में लंबित, दांडिक, सिविल, मोटर दुर्घटना, राजस्व न्यायालयो के प्रकरण एवं प्री-लिटिगेशन के 04 लाख 68 हजार 193 प्रकरणों को निराकरण के लिये चिन्हित किया गया है। प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संतोष शर्मा के नेतृत्व में लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें निराकृत सभी मामले राजीनामा योग्य प्रकृति के थे।

समाज कल्याण विभाग केद्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहियों योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को ट्रायसायकल, वृद्धों को श्रवण यंत्र एवं स्टीक का वितरण किया गया।

लोक अदालत में संतोष शर्मा, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित एडीजे और दूसरे स्तर के न्यायाधीश ने अपनी सेवाएं दी।