चोरों का दुस्साहस: सिंचाई कॉलोनी में छत तोड़कर चोरी, CSEB कॉलोनी से बाइक चोरी

कोरबा में चोरों ने एक बार फिर आपराधिक साहस दिखाते हुए दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना आईटीआई एरिकेशन कॉलोनी (सिंचाई कॉलोनी), ओल्ड शिव मंदिर के पास की है, जहां परदेशी राम विश्वकर्मा (55 वर्ष) के घर में अज्ञात चोर ने छत का शीट तोड़कर चोरी की। परदेशी राम 22 अगस्त को तीज त्योहार मनाने भाटापारा, रायपुर गए थे। 28 अगस्त को लौटने पर उन्हें पता चला कि उनके घर का दरवाजा अंदर से बंद है और छत का शीट टूटा हुआ है। घर में प्रवेश करने पर पता चला कि चोर 43 इंच का सैमसंग एलईडी टीवी, जियो सेटअप बॉक्स, चार फुल्ली नाक की, एक कान का ईयररिंग, तीन जोड़ी पायल, एक हाथ घड़ी और 2,000 रुपये नकद सहित कुल 67,000 रुपये की संपत्ति चुरा ले गए।

परदेशी राम की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 305(a), 331(4)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात CSEB कॉलोनी में हुई, जहां कृष्ण कुमार रत्नाकर, निवासी ओ.सी. 62, ने बताया कि 28 अगस्त की रात 11:30 बजे उन्होंने अपने घर के अंदर लॉक की हुई बाइक खड़ी की थी। अज्ञात चोर ने बाइक चुरा ली। काफी तलाश के बावजूद बाइक नहीं मिली। कृष्ण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने धारा 303(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू की है।

पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है, लेकिन चोरों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। इन घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में दहशत पैदा कर दी है।