कोरबा। न्यू कोरबा हॉस्पिटल ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है, जिसके तहत 31 अगस्त तक शहर के 10 किलोमीटर के दायरे में बुजुर्गों को घर पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा दी जा रही है।
यह सेवा उन बुजुर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो शारीरिक अक्षमता, बीमारी या अकेलेपन के कारण अस्पताल नहीं पहुंच पाते।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अब तक 50 से अधिक बुजुर्गों का पंजीयन हो चुका है, और डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ की टीम ने उनके घर जाकर ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं का उपचार किया है।
अधिकांश मरीज 70 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इस पहल से न केवल बुजुर्गों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि उनके चेहरों पर मुस्कान और संतोष भी लौट रहा है।
परिजनों और बुजुर्गों ने इस सेवा की जमकर सराहना की है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं, और उनका स्वास्थ्य सुनिश्चित करना सामाजिक जिम्मेदारी है। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद बुजुर्गों को इस सुविधा की जानकारी देकर उनका लाभ सुनिश्चित करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















