छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

रायपुर।छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के शुक्रवार के बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान बढ़ने से गर्मी में भी इजाफा होने के आसार हैं।

शुक्रवार को कैसा रहा मौसम?

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शुक्रवार को बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में सभी संभागों में वर्षा दर्ज की गई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। खरपसिया, अड़भार, कटघोरा, सक्ती (20 मिमी), मुंगेली, बम्हनीडीह, नया बाराद्वार, खड़गांव, भोपथरा, डभरा, और जैजैपुर जैसे क्षेत्रों में 10 मिमी के आसपास बारिश हुई।

मौसम बदलने की वजह

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से 1.5 किमी तक फैला है। इससे नमीयुक्त हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिसके चलते मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।

अगले 48 घंटों का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है। आकाश सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा, और तापमान अधिकतम 33 डिग्री तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।