कलेक्टर से शिकायत कर निरस्त करने की मांग
कोरबा। जिले में हरदीबाजार और कटघोरा आईसीडीएस परियोजना में रेडी-टू-ईट का काम प्रदाय करने में गंभीर गड़बड़ी का आरोप 2 समूहों ने लगाया है। उन्होंने कलेक्टर से इसकी शिकायत कर काम को निरस्त करने की मांग की है।
हरदीबाजार परियोजना को लेकर जिया महिला समूह ने आपत्ति की है। कहा गया कि यहां पर जय दुर्गा समूह बोइदा को 67 अंक के साथ चौथा स्थान मिला था उसे चयनित कर प्रथम स्थान में चयनित कर वर्क आर्डर कर दिया गया।
जबकि जिया स्व सहायता समूह पहली सूची में 83 अंक के साथ सबसे आगे था। बताया गया कि 16 अंकों का अंतर होने पर भी उपकृत किए गए समूह को 18 अंक बेवजह दे दिए गए। इससे लगता है कि चयन समिति के द्वारा धोखाधड़ी की गई है।
इसी तरह कटघोरा परियोजना के अंतर्गत मुढ़ाली के लिए जय मां दुर्गा स्व सहायता समूह को वर्क आर्डर दिए जाने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए काम को निरस्त करने की मांग की गई। कलेक्टर को बताया गया कि संतोषी समूह मलगांव ने कटघोरा परियोजना के लिए आवेदन किया था। 81 अंक के साथ यह समूह प्रथम था लेकिन अंतिम सूची में 18 अंक से पीछे और तीसरे स्थान पर रहे जय दुर्गा समूह को 15 अंक बढ़ाकर 83 अंक देकर चयनित कर लिया गया।
समूह का आरोप है कि फर्जी तरीके से 15 अंक बढ़ाए जाने से पूरा खेल हो गया है। आशंका जताई गई है कि चयन समिति ने सांठ-गांठ करते हुए बाद में दस्तावेज जोड़ दिए। पहले जिस मामले में शून्य अंक दिया गया था उसे बढ़ा दिया गया। पूरे तकनीकी ब्यौरे के साथ मामले की शिकायत कलेक्टर से करते हुए इस पर ध्यान देने को कहा गया है।
जिपं सदस्यों ने भी लगाया आरोप
जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव सहित पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा भाजपा पदाधिकारियों ने कलेक्टर से कहा है कि कटघोरा परियोजना में संतोषी समूह को रेडी-टू-ईट के लिए चयनित किया जाए।
कारण बताया गया कि सूची के अनुसार 81 अंकों के साथ यह प्रथम था जबकि दावा आपत्ति के बाद इस समूह को द्वितीय कर दिया गया और जो समूह पहले प्रथम स्थान पर था उसे द्वितीय कर दिया गया।
यादव ने कहा कि चयन समिति के अधिकारी ने जय दुर्गा समूह मुढ़ाली को प्रथम स्थान किस आधार पर दिया है यह उनकी समझ से परे है। पूरे मामले में भ्रष्टाचार हुआ है इसलिए इसे निरस्त करने के साथ जांच कराई जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677