रायपुर। अनुपम नगर में मतदान के दिन मंगलवार को 66 लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने महिला सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दुर्ग, राजनांदगांव, नागपुर और बिलासपुर से गिरफ्तारी की गई है। आरोपी आर्मी की ड्रेस में पहुंचे थे।
नागपुर के शाहिद नाम के युवक और राजनांदगांव की महिला को पूरे मामले का की मास्टर माइंड है। महिला के पिता पुलिस विभाग में डीएसपी हैं। यह डकैती वारदात जमीन विवाद को लेकर अंजाम दी गई थी। पुलिस ने देर रात नागपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया और रायपुर लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़ितों से पूछताछ में अहम जानकारी हाथ लगी है कि डकैतों के साथ आई महिला के इशारे पर बाकी बदमाश काम कर रहे थे। इससे साफ है कि गैंग को पीले सूट में पहुंची महिला लीड कर रही थी। बदमाशों के नक्सल क्षेत्र में भागने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस स्वजनों से भी पूछताछ कर रही है। गुरुवार को पीड़िता से एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने पूछताछ की है। बताते चलें कि घटना को सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच की 15 टीमें लगी हुई हैं। डकैती की घटना में महिला के शामिल होने के बाद पुलिस को डकैती की घटना में करीबी के हाथ होने की आशंका है।
आठ भाई-बहनों का परिवार
वेल्लू परिवार में कुल 8 भाई-बहन हैं, जिनमें से छह बहने हैं और दो भाई हैं। इनमें से दो बहनों और एक भाई ने शादी नहीं की है। यही तीनों बीते 10 वर्षों से इस घर में साथ में रहते हैं। दोनों बहनें प्राइवेट स्कूलों में टीचर थीं।
वहीं, भाई प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। परिवार मूल रूप से दक्षिण भारत का रहने वाला है। इनके पिता आर्मी के रिटायर्ड मेजर थे, जिनका देहांत हो चुका है।
अमलेश्वर में मारा छापा
मनोहरन वेल्लू और उनकी दोनों बुजुर्ग बहनों के मोबाइल फोन लेकर डकैत भागे हैं। पुलिस को अहम क्लू मिलने के बाद अमलेश्वर के पास देर रात क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मारा था। अमलेश्वर पहुंचने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई।
एक्सप्रेस-वे के रास्ते भागने की आशंका
बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद मेन रोड पर आने के बाद एक्सप्रेस-वे के रास्ते से भागे होंगे। एक्सप्रेस-वे पर सीसीटीवी नहीं लगे हैं। पुलिस को आशंका है कि शंकर नगर से सीधे वे धमतरी के कांकेर के रास्ते भोगे होंगे। वहीं एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक का दबाव कम रहता है।
लेन-देन से जुड़ा हर शख्स शक के दायरे में
परिवार को जमीन बेचने के बाद रकम मिली थी। इसकी खरीद-फरोख्त में जो लोग शामिल रहे, वे इस बात को जानते थे कि बुजुर्गों के पास बड़ी रकम आई है। साथ ही ये तीनों बुजुर्ग घर में अकेले ही रहते हैं। जमीन लेन-देन से जुड़े हर शख्स पर पुलिस को शक है।
पीड़ित के किसी बेहद करीबी रिश्तेदार ने डकैती करवाई है या की है। उन्हें यह बात पता थी कि बुजुर्गों ने पैसों को बैंक में जमा न करके घर पर ही रखे हुए हैं। घर में किस जगह पैसे रखे गए हैं, यह भी उन्हें बड़ी आसानी से पता चल गया होगा। जमीन रजिस्ट्री से पैसे मिलने की बात किसी बाहरी व्यक्ति को परिवार ने बातचीत में बताया होगा।
पड़ोसियों से पूछताछ
डकैती की घटना को सुलझाने पुलिस बुजुर्ग भाई-बहनों के घर नियमित आने-जाने वालों के बारे में जानकारी जुटाकर उनसे पूछताछ की है।
सीडीआर निकाले गए
पुलिस ने पीड़ितों के मोबाइल के सीडीआर निकाले गए हैं। संदिग्ध नंबरों की जांच की जा रही है। जिन नंबरों पर कई बार बात हुई है, उन्हें भी संदेह के दायरे में रखा गया है।
अनजान व्यक्ति का डकैती करना मुश्किल
वेल्लू परिवार फिलहाल जिस मकान में रहता है, वह किराए का है। घर जर्जर हो चुका है। सामने का हिस्सा टूटकर नीचे गिर रहा है। अनुपम नगर जैसे हाई प्रोफाइल एरिया में कोई भी बाहरी व्यक्ति इस घर को देखकर जरा भी अंदाजा नहीं लगा सकता कि घर में 60 लाख रुपये कैश होंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677