कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक, विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा

प्रीपेड बूथ से तय होगा ऑटो रिक्शा का किराया : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में विभागीय कार्यो एवं शासकीय योजनाओं के कार्य प्रगति समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने एवं समय सीमा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


बैठक में कलेक्टर ने आमजनों को ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा अधिक और मनमाना किराया लेने की समस्या से निजात दिलाने हेतु आने वाले दिनों में रेलवे स्टेशन में ऑटो प्रीपेड बूथ स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए।  शहर में ऑटो रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों का किराया दूरी के निर्धारित दर से तय हो इस हेतु प्रीपेड बूथ में दूरी एवं लगने वाले दर की सूची प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने इसके लिए ऑटो रिक्शा संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेने एवं एक मानक दर सुनिश्चित करने की बात कही।

बैठक में कलेक्टर ने 14 नवम्बर से प्रारंभ होने वाले धान खरीदी हेतु सभी सहकारी समितियों में आवश्यक सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति में धान बेचने आए किसानो को अनावश्यक किसी प्रकार की परेशानी नही होना चाहिए। सभी केंद्रों में बारदाने का पर्याप्त भंडारण हो सभी नोडल अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें।

कलेक्टर ने जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास निर्माण स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माणरत आवासों को जनपद सीईओ के  सुपरविजन में तेजी से पूरा कराने के लिए कहा। उन्होंने सीएसपीडीसीएल कटघोरा को क्षेत्र के विद्युत विहीन बसाहटों, मजरा टोलों  में विद्युत पहुंचाने के लिए शीघ्रता से सर्वे पूर्ण कराने के लिए कहा।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी सहित अन्य सभी अधिकारी उपस्थित थे।