डिप्टी सीएम अरुण साव ने महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय को सौंपा प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह,लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि पर मिली सराहना
कोरबा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर नगर पालिक निगम कोरबा को शासन की ओर से सम्मानित किया गया है। 17 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर निगम के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना शहरी पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और उनके व्यवसाय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जून 2020 में शुरू की गई थी। कोरोना महामारी के दौरान रेहड़ी-ठेला और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले अनेक लोगों की आजीविका प्रभावित हुई थी।
ऐसे विक्रेताओं को कारोबार दोबारा शुरू करने और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए योजना के तहत बैंकों के माध्यम से बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना में 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक के ऋण के साथ ब्याज सब्सिडी का प्रावधान है। साथ ही डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित कर पथ विक्रेताओं को वित्तीय गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाता है।
नगर निगम कोरबा ने योजना के क्रियान्वयन में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। योजना के माध्यम से शहर के अनेक पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहयोग मिला है, जिससे उनके व्यवसाय और आजीविका को मजबूती मिली है।
डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने की पहल
नगर निगम क्षेत्र में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए निगम द्वारा गढ़कलेवा और डेली मार्केट को शत-प्रतिशत डिजिटल बनाने की दिशा में भी योजना तैयार की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों और ग्राहकों को डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ना तथा डिजिटल इंडिया की अवधारणा को स्थानीय स्तर पर मजबूत करना है।
सम्मान प्राप्त होने पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने योजना के सफल क्रियान्वयन में जुटे निगम अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
नगर निगम की इस उपलब्धि को शहरी पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उल्लेखनीय माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
