जिले के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ किकबॉक्सिंग खिलाड़ी बने प्रशिक्षण का हिस्सा

नि:शुल्क आत्मरक्षा शिविर से 500 छात्राएं हो रही लाभान्वित

कोरबा। खेल शारीरिक शिक्षा, फिटनेस एवं लेजर कौशल परिषद के तत्वाधान में इरकॉन के सहयोग से जिले के प्रयास आवासीय विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर में 12 दिवसीय नि:शुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

जिसमें परिषद के द्वारा महाराष्ट्र एवं पश्चिम बंगाल से पहुंचे प्रशिक्षकों के साथ जिले के सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के 6 प्रशिक्षक साथ मिलकर तीनों विद्यालयों के 500 छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखा रहे।


जिले के कॉर्डिनेटर तारकेश मिश्रा ने बताया कि उक्त प्रशिक्षण शिविर कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिसमें विषम परिस्थितियों से निपटने, दैनिक जीवन की सामग्रियों के माध्यम से आत्मरक्षा के साथ-साथ फिजिकल फिटनेस के टिप्स छात्राओं को दिए जा रहे है। इस हेतु प्रथम चरण में सभी 500 छात्राओं को नि:शुल्क टी-शर्ट का वितरण संबंधित विद्यालयों में प्रशिक्षण के दौरान किया गया।

12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर सभी 500 छात्राओं को निर्भया कीट का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा, जिसमें विषम परिस्थितियों से मुकाबला कर स्वयं को बचाने के लिए विभिन्न प्राप्स जैसे व्हीसल, इलेक्ट्रॉनिक अलार्म लाइट, इमर्जेंसी की स्ट्रिंगर आदि प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण ले रहे समस्त प्रतिभागियों को सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय अग्रवाल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या एवं सदस्य माध्यमिक शिक्षा मंडल श्रीमती इंदु अग्रवाल, प्रयास आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी गौरव शर्मा, पीडबल्यूडी रामपुर विद्यालय के प्राचार्य मानसाय लहरे, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजीव शर्मा, संरक्षक शिव चंदेल, अरविंद खेरे, प्रशिक्षकगण रेहाना फातिमा, निलेश गुलाबराव रेणुसे, आकाश, घर्ती छेत्री, लोकिता चौहान, आदित्या पाल, प्रभात साहू, शुभम यादव सहित विद्यालय के शिक्षकों ने शुभकामनाएं दी है।