पांच महीने पहले हुई हत्या का खुलासा, मामूली बात को लेकर दोस्त ने किया था कत्ल, आरोपी गिरफ्तार

करतला पुलिस ने पांच महीने पहले हुए एक हत्या के मामले में फरार आरोपी गनपत राठिया उर्फ मनभुलु को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तब हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर केरवांद्वारी में छिपा हुआ है।

इस मामले की शुरुआत 24 मई 2024 को हुई, जब सेंद्रीपाली निवासी सुनउराम यादव ने थाना में प्रथम सूचना पत्र दर्ज कराया। सुनउराम ने बताया कि उसके भतीजे दयालाल यादव का दोस्त गनपत राठिया उनके घर आता-जाता था। 23 मई 2024 को, दोनों युवक एक साथ मोटर साइकिल से कोरबा गए थे। वहां शराब पीने के बाद किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद के चलते आरोपी ने घर लौट कर दयालाल यादव के घर के सामने अश्लील गालियां दीं।

जब रोहित यादव ने गाली देने से मना किया और कहा कि वह अभी घर पर नहीं है, तो आरोपी वहां से चला गया। रात लगभग 8 बजे जब दयालाल घर आया, तो गनपत ने अचानक डंडे से उसके सिर के पीछे वार किया और वहां से भाग गया। दयालाल गंभीर चोट लगने से गिर पड़ा और बेहोश हो गया। उसके परिजनों ने उसे तुरंत बिलासपुर के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया। शुरुआत में आरोपी फरार हो गया था, लेकिन करतला पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी।

लगातार प्रयासों के बाद, पुलिस को 30 अक्टूबर 2024 को सूचना मिली कि गनपत राठिया अपने घर में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापा मारा और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान गनपत ने अपना जुर्म कबूल किया। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों बचपन के दोस्त थे और एक साथ स्कूल में पढ़ाई भी किए थे लेकिन दोनों के बीच विवाद होने के बाद मौत का कारण बना वहीं घटना के बाद से आरोपी पिछले के महीना से आसपास रिश्तेदारों के घर छुपा हुआ था।

इस गिरफ्तारी से जहां मृतक के परिजनों को न्याय की थोड़ी उम्मीद बंधी है, वहीं पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए अपनी तत्परता दिखाई है। मामले की आगे की प्रक्रिया और कानूनी कार्यवाही जारी है।