शहर से लेकर कोयलांचल और ग्रामीण अंचलों में लोग हलाकान 

भारी बारिश से व्यवस्थाएं छिन्न-भिन्न, सडक़ें-नाले लबालब, घरों से निकालते रहे पानी

कोरबा। मंगलवार की रात से बुधवार सुबह के बीच हुई लगातार मूसलाधार बारिश के कारण ऊर्जाधानी में शहर से लेकर गांव तक व्यवस्थाएं छिन्न-भिन्न होती रहीं। नदी-नाले, नालियां लबालब होने के कारण पानी सडक़ों और निचली पुलिया के ऊपर से बहने के कारण निचले इलाके जलमग्न होने के साथ-साथ घरों में पानी भरता रहा। रात भर लोग पानी निकालने और सामानों को बचाने के लिए जद्दोजहद करते रहे।


बारिश के कारण शहर से लगे सीतामणी क्षेत्र में वैष्णो दरबार के पास नाला में पानी भर जाने से इसके ऊपर बने कुछ मकानों में पानी भर गया। इसी तरह रविशंकर शुक्ल नगर से ग्राम दादरखुर्द जाने वाले मार्ग पर सडक़ से पांच फीट ऊपर तक पानी बहता रहा। आसपास के इलाकों और घरों में पानी घुस गया। तेज बारिश और पानी का बहाव के कारण पुरानी सडक़ का एक हिस्सा भी बीच से कट गया। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्याहीमुड़ी क्षेत्र में भी बस्तियों में जल भराव की समस्या देखने को मिली। निचले और जल भराव वाले इलाकों के लोगों की रात जागते और पानी निकालते हुए बीत रही है। बालको के शांतिनगर व अन्य इलाकों में भी जल भराव की नौबत आई।